स्क्राइबर (Scriber) एक मार्किंग टूल होता है। यह मार्किंग करने के लिए पेन (Pen) की तरह उपयोग में लाया जाता है। यह आपको मार्केट में कई प्रकार के मिल जाएंगे। प्रत्येक प्रकार के स्क्राइबर का उपयोग एक उचित स्थान पर किया जाता है। इसके बारे में विस्तृत से बात करते हैं।
स्क्राइबर किसे कहते हैं?
वर्कशॉप (Workshop) में उपयोग में लाया जाने वाला ऐसा मार्किंग टूल जो कि पेन या पेंसिल की तरह उपयोग में लाया जाता है, उसे स्क्राइबर (Scriber) कहते हैं। जिस तरह से हम कॉपी के पेज पर स्केल व पेंसिल या पेन की सहायता से लाइन को खींचते हैं, ठीक उसी तरह से, इसको मेटल पर मार्किंग करने के लिए स्टील रूल (Steel Rule) की सहायता से मार्किंग करने के लिए किया जाता है।
मेटल या जॉब पर मार्किंग करने के लिए सबसे पहले उसकी सर्फेस पर मार्किंग मीडिया (Marking Media) को लगाया जाता है। उसके बाद स्क्राइबर से मार्किंग करने के लिए लाइन खींची जाती हैं। लाइन को खींचते समय जो लाइन बनती है, उस स्थान का मार्किंग मीडिया हट जाता है। मार्किंग मीडिया को हटाने में स्क्राइबर का भाग प्वाइंट सबसे महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है।
स्क्राइबर की संपूर्ण बॉडी हाई कार्बन स्टील (High Carbon Steel) की बनी होती है। इसको बनाने के बाद मजबूती देने के लिए ऊष्मा उपचार (Heat Treatment) का प्रोसेस हार्ड व टेम्पर किया जाता है। इसके सिरे नुकीले बने होते हैं इसके सिरों को पत्थर पर घिसकर 12° से 15° के कोण पर बनाया जाता है।
स्क्राइबर कितने प्रकार के होते हैं?
यह मुख्यत: चार प्रकार के होते हैं जो कि निम्न प्रकार से हैं-
- सीधा स्क्राइबर
- मुड़ा स्क्राइबर
- एडजस्टेबल स्क्राइबर
- ऑफसैट स्क्राइबर
सीधा स्क्राइबर किसे कहते हैं?
इसके नाम से ही विदित होता है, यह एक साधारण प्रकार का स्क्राइबर होता है। इसके केवल एक सिरा ही नुकीला होता है और शेष भाग पर नर्लिंग की गई होती है। जिसको पकड़कर उपयोग में लाया जाता है। इसको पॉकेट स्क्राइबर भी कहा जाता है।
मुड़ा स्क्राइबर किसे कहते हैं?
इसमें दो सिरे नुकीले बने होते हैं, जिसमें से एक सिरा सीधा व दूसरा 90° पर मुड़ा होता है। सीधे सिरे का उपयोग सीधी लाइन खींचने व मुड़े सिरे का उपयोग जॉब की अंदरूनी मार्किंग करने में किया जाता है। इसके बीच के भाग में नर्लिंग (Knurling) की गई होती है।
जैसे- आपने खोखला पाइप (Pipe) तो देखा है, जिसके अंदरूनी में मार्किंग करने के लिए मुड़े का उपयोग कर सकते हैं। इसके अलावा इसका उपयोग सर्फेस गेज (Surface Gauge) पर फिट करके मार्किंग करने में किया जाता है।
एडजस्टेबल स्क्राइबर किसे कहते हैं?
इसके भी दोनों सिरे नुकीले बने होते हैं। इसके नर्लिंग वाले भाग में एक खोखली स्लीव (Hollow Sleeve) होती है। जिसके बाहर के भाग में नर्लिंग की गई होती है। इसको एक नट (Nut) की सहायता से कहीं भी एडजस्ट किया जा सकता है।
ऑफसैट स्क्राइबर किसे कहते हैं?
इस प्रकार के स्क्राइबर में ऑफसैट दिया गया होता है। इसको वर्नियर हाइट गेज (Vernier Height Gauge), स्क्वायर हैड में फिट करके मार्किंग (Marking) करने के लिए उपयोग में लाया जाता है।
स्क्राइबर की सुरक्षा सावधानियां
- इसके प्वाइंट या नोक को हमेशा नुकीला बनाए रखना चाहिए।
- इसको कभी भी कटिंग टूल्स (Cutting Tools) के साथ मिलाकर नहीं रखना चाहिए।
- स्क्राइबर को उपयोग में लाने के बाद नोक पर तेल लगाकर रखना चाहिए।
- इसके द्वारा मार्किंग करते समय, इसको 30° से 35° के कोण पर रखकर करना चाहिए।
- मुड़े या एडजस्टेबल स्क्राइबर को उपयोग में लाते समय, जिस सिरे का उपयोग न हो उस पर रबड़ लगा देनी चाहिए।
- अधिक कठोर सर्फेस पर इसका उपयोग नहीं करना चाहिए। अन्यथा उपयोग में लाने पर इसकी नोक मुड़ सकती है।