निहाई एक हिंदी शब्द है, इसको अंग्रेजी भाषा में एनविल (Anvil) कहते हैं। यह आपको फिटर वर्कशॉप में भी देखने को मिल सकता है। इसके अलावा आपको स्मिथी शॉप में अवश्य ही मिलेगा। इस पोस्ट के माध्यम से आपको, इसकी परिभाषा व संरचना के बारे में जानकारी मिलेगी।
निहाई किसे कहते हैं?
स्मिथी शॉप (Smithy shop) में जॉब पर अनेकों प्रोसेस को करने के लिए, जिस उपकरण का उपयोग किया जाता है, उसे निहाई (Anvil) कहते हैं। यह ठोस बना हुआ होता है, इसकी पूरी बॉडी माइल्ड स्टील या रॉट आयरन की कास्टिंग प्रोसेस (Casting Process) द्वारा बनाई गई होती है।
इसके अलावा इसको एक स्टैण्ड पर रखा गया होता है, जो कि कास्ट आयरन (Cast Iron) का बना होता है। यह आपको मार्केट में 50 kg से 300 kg तक का मिल जाएगा। लेकिन आमतौर पर 150 kg का अधिक उपयोग में लाया जाता है।
निहाई की संरचना
इसके मुख्य भाग निम्न प्रकार से हैं-
- फेस
- हार्डी होल
- प्रीचल होल
- बीक
- चिपिंग ब्लॉक
- स्टैण्ड
फेस किसे कहते हैं?
यह निहाई का सबसे ऊपरी भाग होता है, जो कि आयत की आकृति का बना होता है। इसके ऊपर टूल स्टील (Tool Steel) की एक समतल प्लेट हार्ड व टेम्पर करके वेल्ड (Weld) की हुई होती है। इसके पीछे की साइड में दो होल बने होते हैं, जिसमें से एक का नाम 'हार्डी होल' व दूसरे का नाम 'प्रीचल होल' होता है। फेस पर ही गर्म धातु को पीटने का काम किया जाता है।
हार्डी होल किसे कहते हैं?
यह फेस के पीछे का भाग होता है, जो कि वर्ग आकृति का बना होता है। यह प्रीचल होल की अपेक्षा बड़ा होता है। इसका उपयोग अन्य उपकरणों को फिट करने के लिए किया जाता है, जैसे - फ्लैटर, बीक आयरन आदि। इस होल में फ्लैटर व बीक आयरन को फिट करने से, इसको स्टैण्ड की आवश्यकता नहीं होती है।
प्रीचल होल किसे कहते हैं?
यह भी फेस के पीछे का भाग होता है। यह हार्डी होल की अपेक्षा छोटा होता है। यह गोल आकृति का बना होता है। इसका उपयोग पंचिंग (Punching) करने या पतले सरिये को जोड़ने के लिए किया जाता है।
बीक किसे कहते हैं?
यह भाग वक्र आकृति का बना होता है। इसका उपयोग धातु की पतली चादर को मोड़कर वक्र सतह को बनाने के लिए किया जाता है। यह फेस के बाईं ओर का भाग होता है।
चिपिंग ब्लॉक किसे कहते हैं?
चिपिंग ब्लॉक (Chipping Block) बीक व फेस के बीच का भाग होता है। यह फेस के नीचे छोटे साइज का बना होता है। इस भाग का उपयोग चिपिंग (Chipping) करने व धातु के पीस को काटने के लिए किया जाता है।
स्टैण्ड किसे कहते हैं?
निहाई को स्टैण्ड पर रखा जाता है। यह कास्ट आयरन (Cast Iron) का बना होता है। निहाई के फेस की ऊंचाई फर्श से, स्टैण्ड के उपयोग से 60 सेमी हो जाती है।